गुजरात के राज्यपाल आचार्य डॉ.देवव्रत के लौटने के चौथे दिन डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी ने कन्या गुरुकुल चोटीपुरा महाविद्यालय के आस-पास के क्षेत्र के निरीक्षण किया। सड़क पर हो रहे अतिक्रमण, जलभराव और गंदगी को दूर करने के साथ ही टूटी सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। सड़क की माप कराकर जल्द से जल्द अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को उन्होंने रजबपुर हाईवे लेकर चोटीपुरा महाविद्यालय मार्ग का भ्रमण किया। आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि हाईवे से लेकर कन्या गुरुकुल चोटीपुरा पहुंच का जो मार्ग है, उसे पूरी तरह से सही किया जाए। आवागमन में कोई भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए। तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि पूरे मार्ग का नक्शा के आधार पर माप कराई जाए और जो जमीन अगल-बगल दबी हुई है, उसे नक्शे के आधार पर खाली कराई जाए। जितना रास्ता नक्शे में है, उतना रास्ता मौके पर होना चाहिए।
गुरुकुल प्रभारी सुमेधा ने बताया कि 16 फीट का मार्ग पूरा है लेकिन अगल बगल मार्ग दबा होने के कारण सकरा हो गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव का स्थायी समाधान निकाला जाए। चोटीपुरा ग्राम का जो तालाब है, उसे नाली से जोड़ा जाए ताकि पूरे मार्ग का पानी तालाब में जा सके। सड़क को हर हाल में सही किया जाए। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी से कहा कि हाईवे से लेकर चोटीपुरा तक पहुंचने वाले मार्ग को सही किया जाए। पूरे मार्ग की पुन: मरम्मत कराई जाए। अभियान चलाकर विशेष मरमत के रूप में शासन को प्रस्ताव भिजवाया जाए और बजट मांग कर शीघ्र कार्य कराया जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी चंद्र शेखर शुक्ल, तहसीलदार सदर अभय यादव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, संबंधित लेखपाल, ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी आदि मौजूद रहे। मालूम रहे कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य डॉ देवव्रत 29 मई को गुरूकुल चोटीपुर महाविद्यालय में आए थे। यहां उन्होंने विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और तीस मई को वापस लौटे थे।