क्षेत्र के गांव रामपुर भूड़ में कुत्तों के हमले से घायल नौ वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मेरठ में मौत हो गई। रविवार को बालक अपनी मां के साथ खेत पर गया था, जहां आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर घायल कर दिया था। बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुत्तों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।
क्षेत्र के गांव रामपुर भूड़ निवासी राजकुमार का परिवार रहता है। वह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है। रविवार दोपहर को राजकुमार की पत्नी शशि 9 वर्षीय बेटे आर्यन उर्फ गोलू को साथ लेकर खेत पर गई थी। इस दौरान शशि चारा काटने में व्यस्त हो गई जबकि बेटा पास में ही नलकूप पर पानी पीने के लिए चला गया था।इस दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया था। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने कुत्तों को दौड़ाया था। बुरी तरह से जख्मी बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन बहन भाइयों में बड़ा था। वह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आवारा कुत्तों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।