अमरोहा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सिविल और रेलवे पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ शुक्रवार की शाम रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सभी प्लेटफार्म, यात्री विश्रामालय, पार्सल घर और वाहन स्टैंड की सघन चेकिंग की। साथ ही लोगों को सावधान रहने के प्रति जागरूक किया।
एसपी पूनम के निर्देश पर सीओ सिटी सतीश पांडेय नेतृत्व में नगर इंस्पेक्टर आरपी शर्मा फोर्स के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां रेलवे पुलिस को साथ लेकर चेकिंग अभियान चलाया। सुरक्षाकर्मियों ने प्लेटफार्म, वेटिंग रूम आदि में पहुंच कर संदिग्धों की तलाश की। वहीं स्टेशन पर रुकने वाले ट्रेनों में यात्रियों के सामानों की तलाशी ली। इसके अलावा यात्री हाल, टिकट काउंटर, आटो पार्किंग, साइकिल और बाइक स्टैंड पर जांच पड़ताल की गई। अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध सामान या वाहन नहीं मिला। इसके बाद पुलिस की टीम ने नगर के होटल की चेकिंग की। होटलों में ठहरे बाहरियों के आईडी कार्ड चेक किया। साथ ही होटल संचालकों से उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने लोगों से सतर्क रहने, अपरिचित से खाने-पीने का सामान न लेने और संदिग्ध वस्तुओं को हाथ न लगाने की हिदायत भी दी। सीओ ने बताया कि सुरक्षा-व्यवस्था के लिहाजा से चेकिंग और तलाशी अभियान जारी रहेगा।