अमरोहा। भीषण गर्मी में लोड बढ़ने से बिजली उपकरण जवाब दे रहे हैं। अलग-अलग स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर फुंकने और शार्ट सर्किट से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गईं। गर्मी से सैकड़ों उपभोक्ता बेहाल हो उठे। वासुदेव के सामने रखा 630 केवीए का ट्रांसफॉर्मर धू-धूकर जला, जिससे मोहल्ला कुरैशी, कटरा बख्तावर सिंह और शाही चबूतरा के घरों में अंधेरा पसर गया। जबकि 99 सब स्टेशन में शार्ट सर्किट से वैक्युम सर्किट ब्रेकर फेल हो गया। इसके चलते शहर के मोहल्ला कोट और दरबारे कला में सात घंटे तक बिजली ठप रही। इस दौरान सुबह में लोगों को पानी के लिए भी तरसना पड़ा।
नगर के डबल लाइन बिजली घर में गुरुवार की सुबह लगभग चार बजे वैक्युम सर्किट ब्रेकर में शार्ट सर्किट हो गया। इसके चलते कोट और बड़ा दरबार समेत आस-पास के कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। सुबह में तापमान बढ़ने पर लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। साथ ही घरेलू काम काज निपटाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जबकि बुधवार की रात करीब दस बजे शहर के वासुदेव मंदिर के सामने 630 केवीए के ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। आधा घंटे तक ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलता रहा, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके चलते मोहल्ला कुरैशी, कटरा बख्तावर सिंह और शाही चबूतरा से जुड़े घरों में बिजली ठप हो गई। थोड़ी ही देर में इनवर्टर भी जवाब दे गए। रातभर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने दाउद सराय सब स्टेशन में जानकारी दी, लेकिन बिजली कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। एसडीओ चमन सिंह ने सुबह में जोया स्टोर के कर्मचारियों को ट्रांसफॉर्मर लेकर भेजा। इसके बाद कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद शाम छह बजे ट्रांसफॉर्मर को लगाकर बिजली आपूर्ति चालू कराई।