अमरोहा के जोया हाईवे पर भाजपा रैली के दौरान जाम में फंसे वाहन और यात्री।
- फोटो : amar ujala
बाइकों और अन्य वाहनों से भाजपाई तिंरगा यात्रा पर निकले तो भीड़ के कारण हाईवे और शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गई। हाईवे पर जोया और सिहोरा मोड़ से डिडौली पुल तक जाम की स्थिति बनी रही। एक घंटे तक यात्री धूप में परेशान रहे। इसके अलावा यात्रा नौगावां सादात और अमरोहा शहर में पहुंची तो यहां भी जाम की स्थिति बनी रही। हाईवे पर पुलिस ने जाम खुलवाया।
भारतीय जनता पार्टी की तिरंगा यात्रा शनिवार को जोया में हाईवे किनारे स्थित बैंक्वेट हाल से सुबह 11 बजे शुरू की गई। यहां से रैली जैसे ही हाईवे पर निकली जाम की स्थिति पैदा होने लगी। रैली में सैकड़ों की तादाद में बाइक और अन्य वाहन शामिल थे। हाईवे पर जगह-जगह इसका स्वागत भी किया गया।
इससे जाम की स्थिति और गंभीर होने लगी। सिहोरा मोड़ से डिडौली पुल तक जाम लग गया। लगभग एक घंटे तक हाईवे पर लोग जाम से जूझते रहे। धूप के कारण गर्मी में उन्हें काफी परेशानी हुई। बाद में पहुंची डिडौली पुलिस ने वाहनों को निकलवाना शुरू किया।
धीरे-धीरे जाकर जाम खुला। इसके अलावा रैली कैलसा, नन्हेड़ा, नौगावां सादात कस्बे से भी गुजरी। इस दौरान मार्ग पर वहां भी ट्रैफिक थम गया। रैली जैसे ही अमरोहा शहर में पहुंची लकड़ा चौराहे से जाम लगना शुरू हो गया। बिजनौर रोड पर भी वाहन रेंगते नजर आए। यहां भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।