नौगांवा सादात में लूटपाट के बाद घटनास्थल पर जानकारी करते अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ला।
- फोटो : JPNAGAR
छात्राओं के साथ कॉलेज जा रही बीएड की छात्रा को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया और उसके कुंडल व सोने की चेन लूट ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी ने मामले की जांच की। लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। नौगांवा सादात तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जेवरात की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
यह घटना नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बोरा-बोरी गांव की है। यहां पर फैयाजउद्दीन एडवोकेट का परिवार रहता है। फैयाजउद्दीन नौगांवा सादात तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। उनकी बेटी शिरीन फातमा बीएड की पढ़ाई कर रही है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे शिरीन फातमा अपने गांव की रहने वाली तीन छात्राओं के साथ अमरोहा स्थित कॉलेज जा रही थी। उन्हें कॉलेज में बीएड की परीक्षा के लिए फॉर्म भरना था। जैसे ही वे गांव से करीब 300 मीटर दूर पैदल रामगंगा पोषक नहर के पास पहुंचीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्राओं को तमंचे दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान एक बदमाश ने शिरीन फातमा के कानों से कुंडल और गले की चेन खींच ली। इस दौरान छात्राओें और बदमाश के बीच काफी खींचतान हुई। एक बदमाश ने तमंचा की बट मारकर शिरीन फातमा को घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश छात्राओं को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। किसी तरह छात्राओं ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की। छात्रा के पिता फैयाजउद्दीन के मुताबिक कुंडल और चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये है। उन्होंने घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। चंद्रप्रकाश शुक्ला, एएसपी अमरोहा