अमरोहा। राजस्व अभिलेखों में दर्ज तालाबों की सौंदर्यीकरण के लिए खाका तैयार हो गया है। अस्थाई कब्जे वाले तालाब से बेदखली की कवायद शुरु हो गई है। तहसीलदारों को चिन्हीकरण के निर्देश दिए गए हैं। तहसील की ओर से संबंधित विकास खंड के बीडीओ केे तालाबों की सूची भेजी जा रही है। पहले चरण में 4,675 तालाब की मनरेगा से तालाब की खुदाई कराई जाएगी। इसके अलावा स्थाई कब्जे करने वालों के खिलाफ धारा 67 की कार्रवाई की जाएगी। ताकि इन लोगों से कब्जा मुक्त किया जा सके।
जिले के चार तहसील क्षेत्र में कुल 5,026 तालाब है। यह वर्ष 1952 और फसली 1359 फसली में दर्ज है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राजस्व विभाग ने जिले से तालाबों की सूची तलब की। इसके बाद तालाबों का तहसीलवार ब्योरा एकत्र किया गया है। डीएम उमेश मिश्र के निर्देश पर तालाबों के सौंदर्यीकरण की कवायद पर अमल शुरु कर दिया है। एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह ने तहसीलदारों को तालाबों से अस्थाई कब्जा हटाने के निर्देश दिए है। इसके तहत जिले के तहसीलों मे तालाबों से कब्जा हटाया जा रहा है। जिले में कई ऐसे तालाब हैं जो समतल या खेतों के बीच में आ गए है। राजस्व विभाग ने ऐसे तालाब को अस्थाई कब्जा वाले श्रेणी में दर्ज किया है। ऐसे तालाबों को मनरेगा से खुदाई कराई जानी है। ताकि पशु पक्षियों को पानी का संकट दूर हो सके। इसके अलावा जल स्रोत की महत्ता बढ़ सके।
तालाब के लिए बनाए गए हैं तीन मानक
अमरोहा। तालाब को अस्तित्व को लेकर राजस्व विभाग संजीदा है। उसने तीन तरह से कार्ययोजना तैयार की है। स्थाई कब्जेदारों के खिलाफ धारा 67 की कार्रवाई। ताकि बेदखल किया जा सके। इसके अलावा अभिलेख में कुछ ऐसे तालाब है जो मौके पर समतल है। इसके अलावा अस्थाई कब्जे को राजस्व टीम से बेदखल कराना है। अस्थाई कब्जा फसल या चारा की बुवाई करने वाले है। इसके अलावा कई के खेत में तालाब का हिस्सा आ गया है। इसके बाद ब्लॉक से समन्वय बना कर तालाब की खुदाई कराई जाए।
जिले के 319 तालाबों पर है कब्जा
अमरोहा। जिले की चार तहसीलों में कुल 319 तालाब पर कब्जा मिला है। जिसमें सर्वाधिक हसनपुर में 128 तालाब है। उसके बाद अमरोहा में 100 तालाब है। जबकि धनौरा में 63 और नौगांवा सादात में 28 तालाब पर कब्जे हैं।
मछली पालन से 30 लाख रुपये की आय
अमरोहा। जिले में कुल 311 तालाब को पट्टे पर दिया गया है। इसमें मछली पालन होता है। मछुआरों से कुल 30,34,632 रुपये की आय हो रही है। अमरोहा में 124 तालाब को पट्टे पर दिया गया है। यहां से 10,55,687 रुपये मिलते हैं। नौगांवा सादात में 80 तालाब को पट्टे पर दिए गए हैं इनसे 13,42,240 रुपये मिलते हैं। वहीं हसनपुर में 61 तालाब पट्टे पर दिए गए हैं यहां से 3,16,322 रुपये मिलते हैं। वहीं सबसे कम धनौरा में 47 तालाब है पट्टा से 3,20,383 रुपये मिलते हैं।
तहसील------------तालाब
हसनपुर-----------1,515
अमरोहा-----------1,366
धनौरा-------------1,202
नौगांवा सादात-----943
तालाब से अस्थाई कब्जा हटाया जाएगा। स्थाई कब्जेदारों के खिलाफ धारा 67 की कार्रवाई होनी है। समतल या अस्थाई कब्जे वाले तालाब की खुदाई के लिए बीडीओ को पत्र भेजा गया है। मोनालिसा जौहरी, तहसीलदार नौगांवा सादात
तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं तालाबों को कब्जा मुक्त कर सूची संबंधित बीडीओ को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। मनरेगा से तालाबों की खुदाई कराई जानी है। विनय कुमार सिंह, एडीएम वित्त और राजस्व