गजरौला के सरकड़ा कलां में भाकियू असली के युवा जिलाध्यक्ष राधेश्याम के घर तैनात पुलिस बल।
- फोटो : JPNAGAR
गजरौला। सीएम को काले झंडे दिखाने की किसान नेताओं की कोशिश को पुलिस-प्रशासन ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने सभी किसान नेताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया। पुलिस सुबह से ही उनके घरों पर मुस्तैद हो गई।
जनपद के किसान नेताओं ने एलान किया था कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काले झंडे दिखाकर उनका विरोध करेंगे। किसान तीनों कृषि कानूनों को लेकर मुखर हैं। लेकिन पुलिस ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया। सरकड़ा कलां निवासी भाकियू असली के युवा जिलाध्यक्ष राधेश्याम के घर पहले ही पुलिस पहुंच गई थी। राधेश्याम और उनके साथ मोहित कुमार, सीताराम, अबरार अली, संजय कुमार, इस्लाम, यूसुफ, करतार सिंह, गफ्फार, सदाकत, यादराम सिंह, लोकेश, राहुल, प्रिंस आदि को घर में ही नजरबंद कर दिया। मुख्यमंत्री के जाने तक घर पर कई पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।