जिले में बुखार से जान जाने का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। गजरौला में बुखार से पीड़ित सलेमपुर गोसाईं में महिला नीलम पत्नी राजेश और मोहल्ला मायापुरी में छह वर्षीय बालक सूर्या पुत्र सत्यवीर सिंह की मौत हो गई। दोनों को कई दिनों से बुखार आ रहा था। उधर, हसनपुर के ढबारसी क्षेत्र के गांव हयातपुर निवासी हरकिशन के 13 वर्षीय बेटे विपिन की भी बुखार से मौत हो गई।
गजरौला। नगर के मोहल्ला मायापुरी निवासी सत्यवीर के बेटे सूर्या के बेटे में कीड़े भी हो गए थे। परिजनों के अनुसार मरने से पहले उसकी नाक के रास्ते एक कीड़ा निकला। जो देखने में केंचुए जैसा था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर योगेंद्र सिंह का कहना है कि बच्चे को अस्पताल में जब लाया गया था तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चों के पेट में अक्सर कीड़े हो जाते हैं।
गजरौला क्षेत्र में बुखार का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मायापुरी और सलेमपुर गोसांई में बुखार से कई लोग बीमार हैं। बीमार अलग-अलग निजी अस्पतालों में उपचार करवा रहे हैं। मायापुरी निवासी बुखार से मरने वाले सूर्या के घर के पास में कई घरों में बच्चे बुखार से पीड़ित हैं।
कुमारी रिया, कुमारी देवांशी के अलावा कई बच्चे बीमार हैं। सभासद अरविंद कुमार का कहना हे कि मोहल्ले में गंदगी पनपने से संक्रामक रोग फैल रहे हैं। कई बार सूचना दिए जाने के बाद भी फॉगिंग नही हो रही है।