घर में खाना खाते समय टीन शेड के मकान के नीचे दबकर मां और दो बेटे घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बेटों को घर भेज दिया गया है।
ये हादसा रविवार की रात अमरोहा नगर के मोहल्ला जयओम नगर में हुआ। यहां पर रहने वाले शेर सिंह दिल्ली में एंबुलेंस चलाते हैं। उनकी पत्नी शीला उर्फ सुशील अपने दो बेटे अनिल और विनोद के साथ घर पर रहती हैं। उनका मकान टीन शेड का है।
परिजनों के मुताबिक रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे खाना बनाने के बाद शीला उर्फ सुशील अपने दोनों बेटे के साथ टीन शेड के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। तभी अचानक टीन शेड दीवार समेत भरभरा कर गिर पड़ा। तीनों मां बेटा मलबे के नीचे दब गए।
धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह लोगों ने मां-बेटों को टीनशेड के मलबा के नीचे से निकला और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में शीला उर्फ सुशील को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जहां सुशीला की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। गनीमत रही बड़ा हादसा होने से टल गया।