मजदूरी के रुपये मांगने पर दबंगों ने मजदूर को आरा मशीन में रख दिया। जिससे उसकी गर्दन कट गई। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। लंबे समय इलाज के बाद हालत में सुधार हुआ है। पुलिस ने मामले में आरा मशीन संचालक तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस जांच कर रही है। सैदनगली में मोहल्ला रहमत नगर नूरानी मस्जिद के पास अख्तर अली का परिवार रहता है। उनके बेटे मोहम्मद इमरान लकड़ी का काम करते हैं। आरोप है कि डिडौली कोतवाली क्षेत्र के मूंढाइम्मा के रहने वाले साजिद, नसीम और जाकिर आरा मशीन चलाते हैं।
उन्होंने एक आरा मशीन संभल चौराहा के निकट चारमीनार होटल के पास लगा रखी है। जिस पर मोहम्मद इरफान ने तीन महीने काम किया था। लेकिन आरोपी आरा मशीन संचालक उसकी मजदूरी के पैसे नहीं दे रहे थे। कई बार कहासुनी के बाद भी रुपये नहीं दिए।
16 दिसंबर 2023 को पीड़ित मोहम्मद इरफान अपने भाई मोहम्मद फरमान के साथ आरोपियों से रुपये लेने पहुंचे तो उन्होंने देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं गाली गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मजदूर मोहम्मद इरफान को जान से मारने की नीयत से आरा मशीन के आगे रख दिया।
इस दौरान आरा मशीन की आरी से मजदूर मोहम्मद इरफान की गर्दन कट गई। इस दौरान मोहम्मद फरहान और आरा मशीन पर काम कर रहे लोगों ने बचाया। बाद में मोहम्मद इरफान को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया लंबे समय इलाज के बाद मोहम्मद इरफान की हालत में सुधार हुआ है। लेकिन, मोहम्मद इरफान का शरीर मेहनत मजदूरी करने लायक नहीं बचा। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर साजिद, नसीम और जाकिर के खिलाफ अमानत में खयानत, मारपीट, धमकी और जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।