अमरोहा। आखिरकार जिला अस्पताल प्रबंधन ने कड़ाके की ठंड में कराह रहे मरीजों की भी पीड़ा को समझ लिया। शनिवार को वार्डों में हीटर और ब्लोअर लगा दिए गए हैं। जबकि शुक्रवार को जिला अस्पताल में चिकित्सक हीटर के आगे बैठे हुए थे और मरीज ठिठुर रहे थे। प्रसूति, शिशु समेत अन्य वार्डों में मरीज ठंड से परेशान थे। उनके लिए हीटर और ब्लोअर नहीं लगाए गए थे।
कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी और सामान्य वार्डों में से किसी एक में भी रूम हीटर की व्यवस्था नहीं मिली थी। ठंड से बचने के लिए एक-एक कंबल मुहैया कराया गया। इसके चलते उन लोगों को अपने घर से अतिरिक्त कंबल आदि की व्यवस्था करनी पड़ी। शुक्रवार को जिला अस्पताल में कई चिकित्सकों व कर्मचारियों के कक्ष में कुर्सियां खाली पड़ी थीं, लेकिन यहां लगा ब्लोअर कमरे को गर्म कर रहा था। इसके अलावा एक्स-रे रूम, इमरजेंसी समेत सभी वार्डों में बने कर्मचारियों के कक्ष में रूम हीटर और ब्लोअर चल रहे हैं। अमर उजाला ने शनिवार को मरीजों की समस्या को प्रमुखता से छापा। सीएमएस प्रेमा पंत त्रिपाठी की फटकार के बाद सभी वार्डों में हीटर और ब्लोअर लगा दिए गए हैं। हीटर की गर्माहट के आगे मरीज और प्रसूता को ठंड से राहत मिली।
-
शिशु वार्ड, इमरजेंसी और प्रसूति वार्ड में हीटर और ब्लोअर लगे हैं। मरीजों को ठंड न लगे इसके लिए खिड़कियों के शीशे आदि पहले ही दुरुस्त करा दिए गए थे। ठंड को देखते हुए सभी मरीजों को दो-दो कंबल दिए जा रहे हैं।
-डॉ. चरन सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल