डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के युवक ने मुरादाबाद निवासी युवती से शादी का वादा कर लंबे समय तक यौन शोषण किया। आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके ताऊ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद निवासी एक कारोबारी की बेटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी राजेश से दिल्ली जाते समय हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि राजेश ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे में उसे विभिन्न स्थानों पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर डिडौली कोतवाली पुलिस ने राजेश के खिलाफ यौन शोषण समेत संबंधित धाराओं में तथा धर्म सिंह के खिलाफ धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।