अमरोहा। गजरौला के मोहल्ला बुध बाजार निवासी मनोज गर्ग ने पूर्व पार्षद पर नई बनी इंटरलॉकिंग सड़क की ईंटें उखाड़कर बेचने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। मामले में एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
मोहल्ला बुध बाजार निवासी मनोज गर्ग का आरोप है कि वार्ड-21 में बनी नई इंटरलॉकिंग सड़क की सीमेंट की ईंटें रूप से उखाड़कर निजी उपयोग और बेच दी गईं । इस संबंध में उन्होंने 14 मई को डीएम, एसपी, नगर पालिका ईओ तथा नगर पालिका अध्यक्ष को शिकायत भेजी थी। आरोप है कि मामले की जांच थाना गजरौला पुलिस और नगर पालिका के जेई द्वारा की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मनोज गर्ग का आरोप है कि 22 मई की शाम करीब छह बजे बंटी नामक युवक और उसके साथ एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने कहा कि वह इंटरलॉकिंग ईंट प्रकरण में शिकायत करना बंद कर दें, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोप है कि पूर्व में नगर पालिका चुनाव के दौरान भी उनके खिलाफ साजिश रची गई थी और झूठी शिकायत के आधार पर उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आशंका जताई कि उनके खिलाफ दोबारा झूठे मुकदमे की साजिश रची जा सकती है।