डिडौली। रामपुर से प्रेमी के घर डिडौली पहुंची युवती ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। काफी समझाने के बाद भी वह प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। युवती का हंगामा देख हर कोई अचंभित रह गया। प्रेमी के परिजनों ने युवती के परिजनों को फोन कर बुला लिया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे। मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
पांच साल पहले रामपुर जनपद के एक गांव की रहने वाली युवती की मुलाकात डिडौली निवासी युवक से शादी समारोह में हुई थी। पहली ही मुलाकात में दोनों ने मोबाइल नंबर शेयर कर लिए। पांच सालों तक दोनों के बीच फोन पर बातचीत चलती रही। परिजनों को बिना बताए दोनों चोरी-छिपे मिलने भी लगे। युवक और युवती दोनों एक ही समाज से जुड़े हैं। इस बीच युवक के परिजन उसकी शादी दूसरी जगह तय करने लगे। जैसे ही इसकी भनक युवती को हुई तो वह शनिवार की दोपहर अचानक डिडौली में प्रेमी के घर पहुंच गई। घर में युवती को देखकर प्रेमी के परिजन हैरत में पड़ गए। युवती ने तुरंत प्रेमी से शादी करने की बात करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हाई वोल्टेज ड्रामा देखकर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद युवक के परिजनों ने युवती के परिजनों को मामले की जानकारी दी और अपने घर बुला लिया। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने मामले की जानकारी से इनकार किया है। साथ ही तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही है।