समाजवादी पार्टी को वोट नहीं दिया तो दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। दंपती को बेरहमी के साथ पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज शांतिभंग में चालान कर दिया है।
ये मामला नेशनल हाईवे स्थित रजबपुर गांव का है। यहां पर पवन कुमार का परिवार रहता है। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को गांव में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था। जिसमें पवन कुमार और उसके परिवारजनों ने भी वोट डाले थे। आरोप है कि गांव के रहने वाले पड़ोसी मुशर्रफ और उसके पुत्र जैद ने सपा को वोट नहीं देने की बात कहते हुए उनकी पिटाई की। गालीगलौज और जातिसूचक शब्द कहे। इसके बाद बुधवार को पिता-पुत्र ने पवन को घर से बाहर लाकर लाठी-डंडों से पीटा। बचाव में आई उसकी पत्नी और मां को भी पीटा। आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि तुम ने भाजपा को वोट दिया है, इसलिए गांव से भाग जाओ, वरना जान से मार देंगे। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बिगड़ते हालात संभाले। पुलिस ने घायल दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने बताया कि पीड़ित पवन की तहरीर पर आरोपी मुशर्रफ और उसके बेटे जैद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र का शांतिभंग में चालान कर दिया है।