अमरोहा। जैन समाज की ओर से शनिवार को जिनेंद्र भगवान की भव्य रथ शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत हुआ। सजे रथ और ऐरावत हाथी पर सवार इंद्र-इंद्राणी आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ा बाजार स्थित जैन महावीर मंदिर में भगवान का 1008 कलशों से अभिषेक व शांतिधारा की गई।
मोहल्ला कोट स्थित जैन मंदिर में पालिकाध्यक्ष शशि जैन की मौजूदगी में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा शुरू हुई। सौ धर्म इंद्रमणि के रूप में शुभम जैन और इंद्राणी के रूप में शीतल जैन ऐरावत हाथी पर सवार रहीं। धनपति कुबेर की भूमिका विनय जैन ने निभाई, जबकि जिनेंद्र भगवान की प्रतिमा रथ में सम्यक जैन लेकर चले।
शोभायात्रा कोट से कोट चौराहा, शफातपोता, कटरा बाजार, सराफा बाजार, बंसावन गंज और कोतवाली होते हुए जैन महावीर मंदिर पहुंची। धार्मिक रामडोल कमेटी अध्यक्ष कपिल शर्मा, विवेक शर्मा, राज और नगर पालिका कर्मियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान कर अधीक्षक केशव प्रसाद, असद जमाल, हबीब अहमद, रवि वशिष्ठ, छवि शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
शोभायात्रा में जैन समाज समिति अध्यक्ष योगेश जैन, अतुल कुमार जैन, रविंद्र जैन, शरद जैन, निखिल जैन, रेनु जैन, सुमन जैन, नमन जैन, अरुण जैन, राकेश जैन और संजीव जैन समेत श्रद्धालु शामिल रहे।