अमरोहा। जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान छह डॉक्टर समेत 48 कर्मचारी गैर हाजिर मिले। तीन दिन में दूसरी बार डीएम के छापे से चिकित्सकों में अफरातफरी का माहौल है। डीएम ने सभी गैरहाजिर स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन काटने का आदेश दिया है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सक और स्टाफ सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। 29 मार्च को डीएम के निरीक्षण में कई चिकित्सक और स्टाफ अनुपस्थित थे। डीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और कार्रवाई की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके चिकित्सक स्टाफ के रवैये में कोई अंतर नहीं आया। बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे डीएम ने फिर जिला अस्पताल पर छापा मार दिया। यहां पर जनरल वार्ड, पैथोलॉजी, दंत चिकित्सक कक्ष, नेत्र रोग विशेषज्ञ, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष सहित विभिन्न वार्डों की गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपने कक्ष से नदारद थे। उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने की हिदायत के साथ-साथ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को सभी अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। कहा कि मरीज भटक रहे हैं और अधिकतर डॉक्टर मौजूद नहीं हैं यह लापरवाही है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिया। कहा कि चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को गुणवत्ता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले। मरीजों को बाहर की दवा नहीं लिखी जाए। दवा जन औषधि केंद्र से ही उपलब्ध कराई जाए।
अनुपस्थित रहे यह चिकित्सक
अनुपस्थित रहने वालों में डॉ शाहबाज हड्डी विशेषज्ञ, राहुल बंसल नैदानिक मनोवैज्ञानिक, डॉ. अर्जुन सिंह-चर्म रोग विशेषज्ञ, डॉ. विनय भार्गव वरिष्ठ परामर्शदाता, डॉ. आदेश-अल्ट्रासाउंड प्रभारी रहे। इसके साथ-साथ विभिन्न वार्डो व पटलों पर कार्य करने वाले 48 कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
--------------
मुन्नी देवी अस्पताल में गैरहाजिर मिले 20 स्वास्थ्य कर्मी
अमरोहा। जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय औरा मुन्नी देवी चिकित्सालय का भी औचक निरीक्षण किया। उपस्थिति रजिस्टर को देखा तो इसमें डॉक्टर व स्टाफ सहित कुल 20 कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
----------------
इन विभागों केे भी हुआ निरीक्षण, कर्मचारी मिले उपस्थित
एडीएम भगवान शरण द्वारा एआरटीओ कार्यालय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर यादव द्वारा वाणिज्य कर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें सभी उपस्थित पाये गये। जिला विकास अधिकारी ने पीडब्ल्यूडी, परियोजना निदेशक डीआरडीए ने अधिशासी अभियंता बाढ़, नलकूप उपखण्ड द्वितीय व सिंचाई का निरीक्षण किया गया है। अपर उप जिलाधिकारी अंजली ने नगर पंचायत जोया, सीएचसी जोया, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने विकास खंड, उप निदेशक कृषि कार्यालय, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय, अपर उप जिलाधिकारी राजीव राज द्वारा जिला पूर्ति कार्यालय, सहायक अभियंता नलकूप का निरीक्षण किया गया। जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित मिले।