अमरोहा। ग्राम पंचायतों में कई फर्में जीएसटी चोरी कर काम कर रहीं थी। सीडीओ ने पंचायतों में काम करने वाली फर्माें की सूचना जीएसटी विभाग को भेजी थी। इसके बाद विभाग की जांच के बाद नौ फर्मों ने करीब 45 लाख की जीएसटी जमा कर दी है। साथ ही कई फर्माें को जीएसटी वसूली के लिए नोटिस भी जारी किया गया है।
जिले की 576 पंचायतों में वेंडरों के माध्यम से विकास कार्य कराए जाते हैं। जिले की 576 पंचायतों में साल 2021 से 2024 तक मनरेगा समेत कई योजनाओं में नाला निर्माण, सड़क निर्माण व खरीद आदि के कार्य किए गए थे। पंचायत व वेंडरों के माध्यम से यह कार्य टेंडर के आधार पर हुए थे। लेकिन विकास कार्य कराने के बाद भुगतान के समय फर्मों ने विभाग से जीएसटी तो ली, लेकिन जमा नहीं की। ऐसे कई मामले सामने आने के बाद सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने फर्माें की सूची जीएसटी विभाग को भेजी थी।
जीएसटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार मुरादाबाद की एसआईबी टीम ने भी मामले की जांच की थी। इसके अलावा असिस्टेंट कमिश्नर मुरादाबाद अशोक कुमार सिंह ने भी फर्माें की जांच की। इसके बाद नौ फर्माें से करीब 45 लाख रुपये की जीएसटी वसूली की गई है। इसमें हाजी जी ट्रेडर्स हसनपुर से 29 लाख रुपये, सर्वश्री सिसोदिया टाइल्स से 2.92 लाख रुपये, नितिन ट्रेडर्स से 3.90 लाख रुपये, श्री बालाजी ईंट उद्योग से 1.50 लाख रुपये की जीएसटी जमा कराई गई है।