अमरोहा। एफडीए की टीम ने त्योहारों के मद्देनजर अमरोहा और हसनपुर में मिठाई दुकान व डेयरी पर छापेमारी की। जिससे हड़कंप मचा रहा। इस दौरान 35 किलो मिठाई और 5 किलो जले तेल को मौके पर ही नष्ट कराया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर लगातार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम छापेमारी कर रही है। जिससे त्योहारों पर नकली मिठाई और दूध न बेचा जा सके। इसी कड़ी में शुक्रवार को खाद्य विभाग द्वारा बड़े बाजार स्थित शंकर स्वीट्स पर छापामार कार्रवाई करते हुए मौके पर बिक्री के लिए रखी मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके बाद टीम बड़े बाजार में ही भगवती स्वीट्स पर छापा मारकर कलाकंद का नमूना, कृष्णा डेरी से पनीर का नमूना, महक रेस्टोरेंट से सोन पापड़ी का नमूना जांच के लिए लिया। कुल 35 किलो मिठाई और 5 लीटर जला हुआ तेल नष्ट कराया गया। इसके बाद टीम ने हसनपुर में प्रवीण कुमार के यहां से मिल्क केक का नमूना लिया। जबकि युसूफ से तिल, फखरुद्दीन अहमद से बर्फी का नमूना लेकर जांच के लिए लिए भेजा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह रंगीन और वर्क वाली मिठाइयों को खरीदने से बचें। दूध और दूध से बनी मिठाइयों की उतनी मात्रा ही खरीदें। इस दौरान टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके जयंत, यदुवीर सिंह, महेश कुमार, तनमय अग्रहरि रहे।