अमरोहा नगर के बिजनौर रोड स्थित पक्का बाग में नारायण गैस सर्विस मलिक प्रमोद कुमार गुप्ता के मुरादाबाद की एक निजी कंपनी के निदेशक विभोर कुमार गुप्ता से व्यापारिक संबंध थे। इसके चलते कंपनी के मैनेजर पंकज कुमार से भी संबंध हो गए। विभोर गुप्ता की कंपनी कई तरह के मैटल उत्पादकों का निर्माण प्रोडक्शन कर बनाते हैं और निर्यात करते हैं। कंपनी में सामान बनाने के लिए एलपीजी गैस की आवश्यकता होती है। इसलिए, कंपनी के मालिक विनोद गुप्ता व प्रबंधक पंकज कुमार वर्ष 2016 में गैस सिलिंडर की आपूर्ति के लिए संपर्क किया था।
इस पर प्रमोद गुप्ता ने विभोर गुप्ता की कंपनी को एक अप्रैल 2016 से 31 मार्च 2022 तक 5415 भरे सिलिंडर की आपूर्ति की, 5014 खाली ही वापस किए गए। कंपनी ने शेष 401 सिलिंडर का भी भुगतान तो कर दिया, खाली वापस नहीं किए। तगाजा करने पर एक दिसंबर 2023 से एक जनवरी 2024 तक 167 खाली सिलिंडर वापस कर दिए। जबकि, बकाया 234 खाली सिलिंडर को वापस नहीं कर रहे हैं।
इस संबंध में प्रमोद गुप्ता ने अपने वकील के माध्यम से कंपनी को नोटिस भिजवाया, लेकिन उन्होंने झूठे तथ्यों के आधार पर नोटिस का जवाब देकर 234 खाली सिलिंडर हो वापस करने से इन्कार कर दिया। गैस एजेंसी मालिक प्रमोद ने बताया कि 234 खाली सिलिंडर की कीमत 5.61 लाख है। पीड़ित एजेंसी स्वामी ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा, उन्होंने कोर्ट की शरण ली।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर डिजाइनको कंपनी के निदेशक विभोर कुमार गुप्ता और मैनेजर पंकज कुमार के खिलाफ अमानत में ख्यनात की रिपोर्ट दर्ज की गई है।