गजरौला। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक संपंन हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष सत्यबाला चौधरी ने कहा कि योगी सरकार वादा निभाओ आंदोलन की कड़ी में एक और दो अक्तूबर को लखनऊ में दो दिवसीय विशाल धरना आयोजित किया जाएगा।
ब्लाक सभागार में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार अपना वादा नहीं निभा रही है। उनके मानदेय में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई। 624 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान करने की बात सरकार ने की थी। लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। महंगाई तथा आर्थिक दुर्दशा झेल रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इसलिए अब सरकार को एकजुट होकर ताकत का एहसास कराना है। 30 सितंबर को गजरौला, अमरोहा से कार्यकर्ता रवाना होंगे और ट्रेन के माध्यम से लखनऊ कूच करेंगे। कहा गया कि इसमें अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शित करना है। आशा, सुदेश, कल्पना शर्मा, सुषमा, शीतल, शारदा, कौशल्या गौतम, रजनी शर्मा आदि मौजूद रहे।