नौगांवा सादात(अमरोहा)। कटान के लिए बिजनौर से मुरादाबाद जा रहे 17 मवेशियों के भरे कैंटर को नौगांवा सादात पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि दो कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार की दोपहर प्रभारी निरीक्षक शैलेेंद्र चौहान को मुखबिर के सूचना मिली थी कि बिजनौर की तरफ से एक कैंटर आ रहा है। जिसमें मवेशी लदे हैं और उनका कटान किया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। मखदूमपुर बाइपास पर टीम ने कैंटर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कैंटर में 17 मवेशी लदे हुए थे। पुलिस ने कैंटर चालक समेत दो कारोबारियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम हैदर अली निवासी मुहल्ला सादात कस्बा झालू थाना हल्दौर जिला बिजनौर और ओसामा निवासी थाना व कस्बा मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर बताया। इंस्पेक्टर के मुताबिक सभी मवेशियों को बिजनौर से मुरादाबाद के कांठ में वध के लिए लेकर जाया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। सभी पशुओं को सकुशल बचा लिया गया है।