मंडी धनौरा/बछरायूं। ग्रामीण क्षेत्र में कई स्कूल बगैर मान्यता के कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने क्षेत्र के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में बगैर मान्यता के कक्षाओं का संचालन होते पाया गया। स्कूल संचालक संचालित कक्षाओं की मान्यता संबंधी अभिलेख नहीं दिखा पाए। खंड शिक्षा अधिकारी ने 11 स्कूल संचालकों को दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके द्वारा क्षेत्र के कई स्कूलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्कूलों में बगैर मान्यता के कक्षा 10 व 12 की कक्षाएं संचालित होती पाई गई। स्कूल संचालकों से मान्यता संबंधी अभिलेख मांगे गए तो कोई भी सक्षम कागजात नहीं दिखा पाए।
उन्होंने बताया कि गुलशन पब्लिक स्कूल बछरायूं, अंसार पब्लिक स्कूल बछरायूं, बीएसएम एकेडमी मुकीमपुरा, ज्योति पब्लिक स्कूल जाटोवाली, वाईएमएस पब्लिक स्कूल विशावली, बाल विकास विद्या मंदिर नबाबपुरा भूड़, एमजेपी इंटर कालेज कैसरा, आदर्श पब्लिक स्कूल मूंढाखादर, सीएसएम पब्लिक स्कूल मूंढाखादर, जनता आदर्श स्कूल मूंढाखादर, मदरसा सनाउल दारूल ऊलूम वलीपुर के संचालकों को दो दिन के भीतर अपने मान्यता संबंधी अभिलेख, यू डाइस कोड आदि उपलब्ध कराने का नोटिस जारी किए गए हैं।