गौरीगंज : अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करतीं महिला किसान।
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। स्थानीय उपकेंद्र के रामनगर फीडर से आपूर्ति पाने वालों गांवों में आए दिन फाल्ट से बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। अघोषित कटौती से परेशान महिला किसान बुधवार को सड़क पर उतर आर्इं। महिला किसानों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव व प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में रामनगर फीडर के गांवों को अमेठी व मुंशीगंज उपकेंद्र में समायोजित कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरीगंज उपकेंद्र के रामनगर फीडर से मुंशीगंज व अमेठी उपकेंद्र के पास के गांवों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था होने से अधिक लंबाई होने के कारण आए दिन फाल्ट से आपूर्ति प्रभावित होती है। विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से परेशान फीडर के उपभोक्ताओं का सब्र बुधवार को जवाब दे गया। परेशान उपभोक्ताओं ने किसान नेता रीता सिंह की अगुवाई में अधीक्षण अभियता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिला किसानों ने पावर कार्पोरेशन कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अघोषित कटौती से परेशानी का उल्लेख किया है।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे अफसरों को महिला किसानों ने ज्ञापन दिया। ज्ञापन में रामनगर फीडर की लंबाई अधिक होने से अमेठी व मुंशीगंज उपकेंद्र के समीप के गांवों को वहां से समायोजित करने तथा रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। महिला किसानों ने निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होने की दशा में दस दिन बाद अमारण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर श्यामा, उर्मिला, ऊषा, कमलेश, गया प्रसाद, सुषमा, रानी, निर्मला व सुशीला समेत बड़ी संख्या में महिला किसान मौजूद रहीं।