अमेठी। प्रदेश सरकार ने जनपद में यातायात समस्या दूर करने के लिए अमेठी डिपो में तीन नई बसों की स्वीकृति प्रदान की है। नए बसों के मिलने के बाद परिवहन विभाग कई स्थानों के लिए नियमित संचालन करते हुए लोगों को सहूलियत देगा वहीं होली पर्व में लोगों को आवागमन में परेशानी से निजात मिलेगी।
जनपद में परिवहन सेवा बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे प्रदेश सरकार ने अमेठी डिपो में तीन बसों को स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृति के बाद अमेठी डिपो में बसों की संख्या 41 से 44 हो जाएंगी। नई बसें मिलने के बाद विभाग 30 बसों का संचालन लंबी दूरी के लिए करते हुए लोगों को सहूलियत देगा तो होली के पर्व पर लोगों को आवागमन के लिए साधन की परेशानी से निजात मिलेगी।
परिवहन विभाग के एआरएम राकेश मोहन पांडेय ने अमेठी डिपो को तीन नई बसें मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि बसों के मिलने के बाद संचालन व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अमेठी डिपो में 56 परिचालक संविदा, 21 नियमित, 67 चालक संविदा और 18 नियमित हैं।
डिपो में 12 परिचालकों और चार चालकों की कमी है, इसके बावजूद बेहतर संचालन की कोशिश की जा रही है। होली को देखते मुख्यालय से निर्देश पर छह मार्च से 15 मार्च तक लगातार ड्यूटी करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। होली पर मांगों के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा।