पूर्व माध्यमिक विद्यालय फत्तेपुर में एसआईआर करते शिक्षक। -संवाद
अमेठी सिटी। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को मात्र तीन दिन ही बचे हैं। रविवार को बूथों पर चले विशेष अभियान के बावजूद 61 फीसदी डेटा फीड किया जा सका है। सर्वर धीमा होने से कर्मियों की परेशानी और बढ़ गई है। वहीं फॉर्म संकलन में भी बीएलओ को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिले की चारों विधानसभाओं में 1489 बीएलओ के सहयोग में कई विभागों के कर्मी ऑनलाइन फॉर्म फीडिंग में लगे हैं। शिफ्टों में कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद रविवार को बूथों पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत परिषदीय स्कूलों को खोला गया। शिक्षकों ने बीएलओ का सहयोग किया। यहां आनलाइन फीडिंग के साथ ही फाॅर्म संकलन भी किए गए।
इसके साथ ही बीएलओ ने डेटा फीडिंग भी की। सर्वर की धीमी चाल की वजह से भी ऑनलाइन फीडिंग में परेशानी हुई। बाहर रहने वाले, वैवाहिक आयोजन वाले घरों व अन्य स्थानों पर गए लोगों के फॉर्म संकलन में बीएलओ को परेशानी हुई।
आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड करें फॉर्म
एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि जिसे एसआईआर का फाॅर्म नहीं मिला है वे आयोग की वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर गणना फॉर्म जमा कराने के लिए हेल्पडेस्क बनाई गई हैं। बूथ स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। मतदाता अंतिम तिथि चार दिसंबर का इंतजार नहीं करें। जल्द से एसआईआर फॉम भरकर जमा करें।