मुसाफिरखाना (अमेठी)। चार दिन पूर्व बरामदे में सो रहे अधेड़ की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हथौड़ा व मोबाइल भी बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव पलिया चंदापुर निवासी राम कृपाल चौहान (55) की 11 फरवरी की रात हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस गांव के ही एक व्यक्ति पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी थी। मंगलवार को एसएचओ बृजेश कुमार सिंह विधानसभा क्षेत्र में चेकिंग पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर ने कस्थुनी मोड़ पर दो संदिग्ध के मौजूद होने की सूचना दी।
सूचना पर कोतवाल ने मुखबिर के बताए हुलिया वाले दो संदिग्धों को दबोच लिया। इनकी पहचान मोहनगंज थाना क्षेत्र के गांव मेढ़ौना निवासी राज बहादुर कोरी तथा अमर बहादुर कोरी के रूप में हुई। एसएचओ ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ करने पर इन लोगों ने 11 फरवरी की रात हाइवे किनारे हुई हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। दोनों ने बताया कि वह हाइवे किनारे पलिया चंदापुर में एक मकान में चोरी करने की नीयत से घुसे थे।
इसी बीच बरामदे में सो रहा एक आदमी जाग गया और शोर मचाने लगा। इन लोगों ने वहीं पड़े हथौड़े से उस व्यक्ति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल लेकर भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कस्थुनी से आगे हाईवे के किनारे सर्विस रोड के समीप एक नाले से हथौड़ा व मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया।