गौरीगंज (अमेठी)। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार सुबह मरीज को लेकर पहुंचे तीमारदारों ने इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ करके जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस दो को हिरासत में लेकर थाने लाई। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग के अंदेशे में चालान भेजा है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरे राम प्रसाद सूबेदार का पुरवा मजरे काजी पट्टी निवासी अरुण कुमार मिश्र किडनी में पथरी से परेशान हैं। बुधवार सुबह उन्हें अचानक दर्द होने लगा। परिवारीजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और फीजीशियन डॉ. नीरज वर्मा से इलाज कराने को कहा। मौजूद स्टाफ की सूचना पर डॉ. नीरज आए और उनका इलाज किया लेकिन उन्हें दर्द से आराम नहीं मिला।
कुछ देर बाद साथ मौजूद तीमारदार सही इलाज न करने की बात कहकर बवाल करने लगे। तीमारदार देखते ही देखते उग्र हो गए और वहां रखा रजिस्टर फाड़ दिया। इसके बाद तोड़फोड़ भी शुरू कर दी। तोड़फोड़ सेे इमरजेंसी के दरवाजे का शीशा टूट गया। हंगामा बढ़ता देख मौजूद स्टाफ भाग निकला और इसकी सूचना सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल को दी।
सीएमएस की सूचना पर पहुंची गौरीगंज पुलिस ने मौके से काजी पट्टी निवासी अंकित मिश्र तथा पूरब बिसारा मुसाफिरखाना निवासी राजन मिश्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस को देख अन्य लोग भाग खड़े हुए। एसएचओ संजय सिंह ने बताया कि दोनों को शांतिभंग के अंदेशे में पाबंद कर चालान एसडीएम कोर्ट भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।