गौरीगंज (अमेठी)। जिला प्रशासन ने मंगलवार को अमेठी एसडीएम और तहसीलदार का हटाकर तिलोई में तैनात किया है। तिलोई के एसडीएम व तहसीलदार को अमेठी की जिम्मेदारी दी गई है।
अमेठी में दोनों अफसरों पर अमार्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाकर 52 दिन से तो तिलोई में तहसीलदार के खिलाफ 46 दिन से अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन कर रहे थे। दोनों तहसीलों के वकील इन अफसरों के स्थानांतरण की मांग को लेकर अड़े थे।
अमेठी में एसडीएम तथा तहसीलदार पर अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाने वाले 52 दिन से न्यायिक कार्य से विरत अधिवक्ता दोनों अफसरों को हटाए जाने से कम कोई बात मानने को तैयार नहीं थे।
सोमवार को तहसील परिसर में फोर्स लगाकर दोनों अफसरों की कोर्ट का संचालन कराया गया। इससे आंदोलित अधिवक्ता और भड़क गए तथा बैठक कर आंदोलन को गति देने के लिए जिला बार तथा अन्य तीन तहसील बार से सहयोग मांगने का निर्णय लिया।
अधिवक्ताओं की मांग पर सोमवार को ही जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजकरन तिवारी अमेठी पहुंचे और अधिवक्ताओं को सहयोग का भरोसा दिलाया। उधर, तिलोई के तहसीलदार पवन कुमार शर्मा के खिलाफ भी अधिवक्ता 46 दिन से हड़ताल पर थे।
दोनों तहसील में वकील न्यायिक कार्य के साथ ही सभी कार्यालयों का बहिष्कार कर रहे थे। मामला सुलझता नहीं देख डीएम अरुण कुमार ने मंगलवार को दोनों तहसील के एसडीएम व तहसीलदार का स्थानांतरण कर दिया। डीएम ने अमेठी के एसडीएम योगेंद्र सिंह व तहसीलदार दिग्विजय सिंह को तिलोई तथा तिलोई के एसडीएम महात्मा सिंह व तहसीलदार पवन कुमार शर्मा को अमेठी स्थानांतरित किया है।
अमेठी के दो लेखपाल भी भेजे गए तिलोई
डीएम अरुण कुमार ने अमेठी तहसील में काफी दिनों से जमे लेखपाल जय शंकर पांडेय तथा दया शंकर शुक्ल का स्थानांतरण भी सोमवार को तिलोई कर दिया। आदेश मिलते ही सोमवार को ही एसडीएम ने दोनों लेखपालों को कार्य मुक्त करते हुए उन्हें नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने को कहा है।