28 : जगदीशपुर : बाजार शुकुल मार्ग स्थित इसी क्रासिंग पर दो दिन बंद रहेगा आवागमन। - संवाद
- फोटो : AMETHI
जगदीशपुर (अमेठी)। दो दिनों तक बाजार शुकुल मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर स्लीपर व पटरी बदलने का काम होगा। संचालन विभाग से ब्लॉक मिलने के बाद मरम्मत विभाग शनिवार व रविवार को निर्धारित ब्लॉक अवधि में कार्य पूरा करेगा। इस दौरान क्रॉसिंग पूरी तरह बंद रहेगी तो ट्रेनों का संचालन कॉशन के सहारे होगा। क्रॉसिंग बंद होने से राहगीरों को कई किलोमीटर अधिक दूर तय कर गंतव्य की ओर जाना पड़ेगा।
उतरेटिया-जफराबाद रेलखंड पर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 132-सी शनिवार और रविवार दो दिन तक पूरी तरह बंद रहेगी। रेलवे विभाग ने क्रॉसिंग के पास रेल स्लीपर व पटरी बदलने के लिए मरम्मत विभाग को दोनों दिन सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक का ब्लॉक स्वीकृत किया है।
ब्लॉक अवधि में सड़क मार्ग से यात्रा बंद करने के लिए क्रॉसिंग पूरी तरह बंद रहेगी तो ट्रेनों को संचालन कॉशन के सहारे होगा। स्लीपर व पटरी बदलने के दौरान सुरक्षा व संरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए जिम्मेदारों को अफसरों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
ब्लॉक अवधि में क्रॉसिंग बंद होने से जगदीशपुर-बाजार शुकुल और जगदीशपुर-सत्थिन मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। क्रॉसिंग बंद होने से सड़क मार्ग के यात्रियों को कई किलोमीटर की दूरी तय कर दूसरी क्रॉसिंग से अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ेगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ उत्तर रेलवे निहालगढ़ एचजी दिवाकर ने बताया कि शनिवार और रविवार दोनों दिन सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक क्रॉसिंग के ऊपर ट्रैक स्लीपर व पटरी बदली जाएगी। ब्लॉक अवधि में जाम नहीं लगे इसके लिए लोगों को जानकारी देने के साथ ही सुरक्षा के समस्त उपाय कर लिए गए हैं। विभाग द्वारा सुरक्षा व संरक्षा नियमों के बीच निर्धारित समय में स्लीपर व पटरी बदलने का कार्य पूरा किया जाएगा।
यहां से गुजर सकेंगे राहगीर
बाजार शुकुल जाने वाले छोटे वाहनों के राहगीरों को जगदीशपुर चौराहा स्थित जल निगम रोड़ से होते हुए अलमापुर निसूरा के रास्ते उरुवा में निकल कर वापस शुकुल बाजार रोड पहुंचना होगा। बड़े वाहन वालों को कमरौली थाना क्षेत्र के सिंदुरवा मोड़ के रास्ते सिंदुरवा होते हुए या फिर कोयलारा मोड़ से कोयलारा होते हुए बाजार शुकुल रोड़ पर निकलना पड़ेगा। इसके अलावा रानीगंज होते हुए सत्थिन मार्ग से बाजार शुकुल के लिए जाना होगा। कमोबेश यही स्थिति दूसरी ओर से आने वालों के लिए भी रहेगी। सत्थिन आने जाने वाले यात्रियों को जगदीशपुर रानीगंज से आना जाना पड़ेगा।