जगदीशपुर (अमेठी)। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सूर्यपाल गंगवार ने मंगलवार को स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र में बिजली से जुड़ी सुविधाओं का जायजा किया। निरीक्षण के बाद प्रबंध निदेशक ने सुल्तानपुर और अमेठी जिले के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था की जानकारी लेकर सुधार के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री से मिले निर्देश के बाद मंगलवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सूर्यपाल गंगवार औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर पहुंचे। प्रबंध निदेशक ने यहां अमेठी व सुल्तानपुर जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रबंध निदेशक ने क्षेत्र में जर्जर विद्युत संयंत्र की रिपोर्ट प्रस्तुत कर उसमें सुधार लाने, जर्जर खंभे, बिजली के तार, इंसुलेटर, क्रास आर्म, खराब ट्रांसफार्मर, लाईनों की क्षमता वृद्धि आदि की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। कहा कि बिजली नहीं होने पर संयंत्र खराब का बहाना न किया जाय। शहरी क्षेत्र की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो।
प्रबंध निदेशक ने बकाया बिजली बिल की वसूली व बिजली चोरी रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। कहा कि लखनऊ, बाराबंकी व अयोध्या की तरह औद्योगिक क्षेत्र में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएं। इसके पूर्व एमडी गंगवार ने औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर एक स्थित 132 केवीए का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां से निकलने के बाद उन्होंने इंडोगल्फ कारखाने का भी विजिट किया।
बैठक में अमेठी के अधीक्षण अभियंता रामप्रीत प्रसाद, सुल्तानपुर के अधीक्षण अभियंता सिन्हा, अधिशासी अभियंता जगदीशपुर दिलीप कुमार यादव, प्रदीप गौतम, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार यादव व राजन मौर्य समेत दोनों जिलों के सभी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।