गौरीगंज (अमेठी)। एसपी आफिस के निकट शुक्रवार देर शाम मकान में मिले मां-बेटे के शव की पीएम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण ब्रेन हैमरेज का व अत्यधिक रक्तश्राव बताया गया है। बेटे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर उसका विसरा सुरक्षित करते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के गांव मिसिरपुर निवासी स्व. मुकुंद नारायण तिवारी की पत्नी सुशीला त्रिपाठी (72) व छोटे पुत्र राजीव उर्फ राजू (28) का शव शुक्रवार शाम मकान के नीचे वाले हिस्से में एक कमरे की फर्श पर पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था।
चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियो रिकार्डिंग के साथ किए गए पोस्टमॉर्टम में सुशीला की मौत ब्रेन हैमरेज व अत्यधिक खून बह जाने से होने की बात पता चली है। राजू की मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से उसका विसरा सुरक्षित करते हुए जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
की जा रही जांच
कोतवाली अजीत विद्यार्थी ने बताया कि दोनों की मौत की असल वजह की जांच की जा रही है। कहा कि सभी तथ्यों पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जल्द ही प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।