मुसाफिरखाना (अमेठी)। घर से खेलने गए लापता दो बच्चों में एक का शव गोमती नदी में मिलने के 24 घंटे बाद भी दूसरे बच्चे का पता नहीं चल सका है। बच्चे का पता नहीं चलने से परिवार में कोहराम मचा है।
गाजनपुर गांव ननिहाल आए अशोक सिंह के नाती रुद्र प्रताप सिंह (11) व आकाश सिंह के पुत्र सूर्यांश सिंह (6) शनिवार सुबह खेलने के लिए घर से बाहर गए थे। दोपहर बाद तक दोनों वापस नहीं आए तो परिवारीजनों ने तलाश शुुरू कर दी।
देर शाम रुद्र प्रताप का शव गोमती नदी में तैरता मिला था लेकिन आकाश का पता नहीं चल सका था। अनहोनी की आशंका से ग्रसित परिवारीजन व पुलिस आकाश की तलाश नदी में गोताखोर की मदद से करने के साथ अन्य संभावित स्थानों पर तलाश करने में जुटे हैं।
24 घंटे से अधिक बीत जाने के बावजूद आकाश का पता नहीं चलने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दूसरी तरह रुद्र प्रताप का शव पोस्टमॉर्टम होने के बाद मिलने पर परिवारीजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। एक ही गांव के दो बच्चों में एक का शव मिलने तथा दूसरे का पता नहीं चलने से गांव में सन्नाटा पसरा है। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने लापता आकाश की तलाश की जा रही है।