01 : गौरीगंज : जामो कस्बे में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर सील करने के बाद संचालक के साथ मौजूद औ
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज(अमेठी)। दवाओं की कालाबाजारी रोकने के लिए जामो कस्बे में औषधि निरीक्षक की टीम ने छापा मारा। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस संचालित होता मिला। टीम ने मेडिकल स्टोर में मौजूद करीब 1.20 लाख की दवा जब्त करते हुए दो नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। टीम ने दुकान को सील करते हुए कार्रवाई की संस्तुति कर नमूना फेल होने पर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
कोविड संक्रमण काल से दवाओं की कालाबाजारी व मेडिकल स्टोर संचालकों के मनमानी की मिल रही शिकायत पर डीएम अरुण कुमार ने औषधि निरीक्षक सुल्तानपुर व अमेठी की संयुक्त टीम गठित कर जांच व कार्रवाई का निर्देश दिया है।
डीएम के निर्देश पर औषधि निरीक्षक पीसी रस्तोगी व सुल्तानपुर की औषधि निरीक्षक अनीता कुरील ने जामो कस्बे में छापा मारा। इस दौरान कस्बे में संचालित संजय मेडिकल स्टोर संचालक दुकान के लाइसेंस संबंधी कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका।
बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित होने की पुष्टि के बाद औषधि निरीक्षक ने दुकान में मौजूद करीब 1.20 लाख की दवाओं को जब्त करते हुए दो नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
टीम ने बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित होने की सूचना उच्चाधिकारियों को देते हुए कार्रवाई की संस्तुति की है। औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच में दवा का नमूना फेल होने तथा विस्तृत जांच के बाद संचालक के खिलाफ केस पंजीकृत कराया जाएगा।