25 : मुसाफिरखाना : एनएच पर पूरे प्रेमशाह के पास अनियंत्रित होकर पलटी कार। -संवाद
- फोटो : AMETHI
मुसाफिरखाना (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरे प्रेमशाह गांव के पास लखनऊ की ओर जा रही एक युवक की कार को सोमवार देर रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल सिपाही को पहले सीएचसी मुसाफिरखाना फिर जिला अस्पताल सुल्तानपुर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक गौतम बुद्ध नगर जिले में नौकरी करता था।
लखनऊ के तेली बाग निवासी संतोष पांडेय (30) सोमवार को अपने दो अन्य दोस्तों (नाम पता अज्ञात) के साथ कार से किसी दोस्त से मिलने सुल्तानपुर गए थे। रात में संतोष पांडेय दोस्तों के साथ घर वापस लौट रहे थे। रात लगभग 10 बजे उनकी कार लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पूरे प्रेमशाह गांव के पास पहुंची ही थी कि अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसे दोनों दोस्तों को मामूली चोट आई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद संतोष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर संतोष को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
संतोष की मौत के बाद घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी गई। सुल्तानपुर पहुंचे परिवारीजन संतोष पांडेय का शव देख दहाड़ मार कर रोने लगे। बताया कि उनका बेटा गौतमबुद्ध नगर में नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक संतोष की रविवार को ही सगाई हुई थी। कोतवाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि संतोष को रात में जिला अस्पताल भेजा गया था। मामले में कोई मुकदमा नहीं लिखा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर अज्ञात वाहन व उसके चालक का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।