गौरीगंज (अमेठी)। यूपी बोर्ड परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी पारदर्शी होगा। मूल्यांकन कार्य की न सिर्फ ऑनलाइन निगरानी होगी बल्कि वेबकास्टिंग भी की जाएगी। मूल्यांकन की निगरानी जिला व राज्य कंट्रोल रूम से हो इसके लिए भी तैयारियां माध्यमिक शिक्षा विभाग करने में जुटा है। दो केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाओं की आपूर्ति मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा में केंद्र प्रभारियों को पारदर्शी ढंग से मूल्यांकन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। मूल्यांकन कार्य में गड़बड़ी होने की दशा केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से संचालित यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के बाद अब माध्यमिक शिक्षा गैर जिले से आवंटित उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की तैयारी में जुटा है। फिलहाल अभी मूल्यांकन तिथि फाइन नहीं होने के बावजूद प्रस्तावित 23 अप्रैल से दो मई तक की तिथि पर मूल्यांकन कार्य पूरा करने की कोशिश चल रही है।
बोर्ड परीक्षा की तरह मूल्यांकन कार्य भी हाईटेक निगरानी के बीच संपन्न होगा। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की पहली बार वेबकास्टिंग होगी। मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया पर जिला व राज्य मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम से नजर रखी जा सकेगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों की तैनाती ऑनलाइन करने के बाद मूल्यांकन कार्य करने वाले परीक्षकों की भी तैनाती ऑनलाइन की जा रही है।
बोर्ड परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए जिले में चिह्नित रणंजय इंटर कॉलेज व रणवीर इंटर कॉलेज में मूल्यांकन प्रक्रिया की वेबकास्टिंग होगी। अब तक मूल्यांकन का कार्य सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होता था। मूल्यांकन कार्य सुविधाओं के बीच पारदर्शी ढंग से संपन्न हो इसके लिए दोनों केंद्रों के प्रधानाचार्य को सचिव के निर्देश से अवगत कराते हुए पारदर्शी ढंग से मूल्यांकन कराने व वेबकास्टिंग की तैयारी पूरी करने को कहा है।
दोनों केंद्रों पर गैर जिले से आवंटित उत्तर पुस्तिकाओं के पहुंचने के बाद सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया जा रहा है। जहां से निर्धारित तिथि पर कमेटी के समक्ष उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षकों को मूल्यांकन के लिए आवंटित की जाएगी।
गैर जिले भेजी गईं उत्तर पुस्तिकाएं
बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद जीजीआईसी के स्ट्रांग रूम से सुरक्षित उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा में आवंटित जिले को भेजा जा चुका है। उत्तर पुस्तिकाओं को भेजने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग जिले को आवंटित उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी में जुटा है। गैर जिले से आवंटित उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखा जा सके इसके लिए स्ट्रांग रूम में जमा कराने के बाद कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है।
मूल्यांकन तिथि निर्धारित नहीं
परीक्षा प्रभारी राकेश कश्यप ने बताया कि सचिव की ओर से दोनों केंद्रों के प्रधानाचार्य के लिए गोपनीय लिफाफा भेजा था जो रिसीव कराया जा चुका है। कितनी कॉपियां आवंटित हुईं हैं इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई है। मूल्यांकन तिथि का निर्धारण सचिव स्तर से होना है। तिथि निर्धारित होने के बाद नियमानुसार रणंजय इंटर कॉलेज व रणवीर इंटर कॉलेज में मूल्यांकन कार्य पूरा कराते हुए सचिव को रिपोर्ट दी जाएगी।
पारदर्शी ढंग से होगा मूल्यांकन
डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र ने कहा कि जिले में सुरक्षित उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के लिए आवंटित जिले को भेजने के साथ जिले को आवंटित व आपूर्ति हो चुकी उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है। डीआईओएस ने बताया कि सचिव के निर्देशानुसार मूल्यांकन कार्य पारदर्शी ढ़ंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है। कंट्रोल रूम से निगरानी के साथ मूल्यांकन कार्य के बेवकास्टिंग की व्यवस्था बनाई गई है। मूल्यांकन कार्य में शिथिलता व शुचिता प्रभावित होने पर केंद्र के नोडल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।