शाहगढ़ : बांग्लादेश की प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने के बाद ज्ञापन देते लोग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
शाहगढ़ (अमेठी)। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या व मंदिरों को तोड़े जाने से नाराज हिंहदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर वहां की प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। पुतला दहन के बाद ब्लॉक पहुंचे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को दिया।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं व उनके धर्मस्थलों पर हमले को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। बुधवार को शाहगढ़ बाजार में बड़ी संख्या में एकत्र कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर लगातार हो रही घटनाओं का विरोध किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। पुतला फूंकने के बाद कार्यकर्ताओं ने भारत सरकार को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को दिया।
ज्ञापन के माध्यम से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर रोक लगाने, धर्मस्थलों, पूजा पंडालों को तहस नहस करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि दुर्गापूजा के दौरान बांग्लादेश के 22 से ज्यादा जिलों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं। हिंदुओं के 150 से ज्यादा दुर्गा पूजा पंडाल और इस्कॉन मंदिर को आग के हवाले कर दिया गया। देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़ दी गईं। हिंदुओं को मारा-पीटा गया। महिलाओं की इज्जत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इतना सब होने के पश्चात भी बांग्लादेश की सरकार आंख बंद करके बैठी है। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के उमाशंकर शुक्ल, घीसन मिश्र, मुकेश मिश्र समेत कई लोग मौजूद रहे।