जामो (अमेठी)। कस्बे में बृहस्पतिवार की रात जामो-भादर मार्ग स्थित टेंट हाउस में आग लग गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब तक आग बुझती तब तक सामान जलकर राख हो गई। थाना क्षेत्र के पूरे सिंह मजरे सूखी बाजगढ़ निवासी करुणा शंकर मिश्र जामो-भादर मार्ग स्थित कस्बे में किराये की दुकान में टेंट हाउस का व्यवसाय करते हैं। बृहस्पतिवार को दुकान बंद कर वह अपने घर चले गए। रात में एकाएक टेंट हाउस में आग लग गई। आसपास के लोगों ने जब धुआं निकलता देखा तो वहां पर भीड़ जमा हो गई। इसकी जानकारी दुकान मालिक के साथ ही पुलिस व अग्निशमन दस्ते को दी गई।
दुकान मालिक के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाना शुरू किया। कुछ ही देर में जामो पुलिस मौके पर पहुंच गई। जायस एवं जगदीशपुर से अग्निशमन दस्ते को बुलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित व्यवसायी करुणा शंकर ने बताया कि आग लग जाने से लाखों के टेंट का सामान जलने से नुकसान हुआ है। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि इस मामले में रात में पुलिस गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारण के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है, न ही पीड़ित ने कोई तहरीर दी है।