जामो (अमेठी)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लालूपुर ढेबिया के पास बृहस्पतिवार को सड़क पार करते समय होमगार्ड जवान को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। घायल होमगार्ड को अस्पताल लाया गया। जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जामो थानाक्षेत्र के गांव लालूपुर ढेबिया निवासी वीरेंद्र प्रसाद दुबे (56) होमगार्ड विभाग में जवान के पद पर कार्यरत था। वर्तमान में वीरेंद्र की ड्यूटी कलेक्ट्रेट में चल रही थी। बृहस्पतिवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद देर शाम वीरेंद्र बस से जगदीशपुर-गौरीगंज मार्ग पर लालूपुर ढेबिया चौराहे पर उतरा। यहां से वह पैदल घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल गया। वीरेंद्र को सीएचसी पहुंचाते हुए मामले की सूचना परिजनों को दी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालात नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन वीरेंद्र को लेकर ट्राॅमा सेंटर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि ई रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
होमगार्ड जवान वीरेंद्र प्रसाद दुबे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी शोभा पति के मौत से बार-बार बेहोश हो रही थी। पुत्र राहुल, दीपक, विपिन व विनीत की आंखों में आंसू थे। घर पर संवेदना जताने लोग पहुंच रहे थे।