गौरीगंज : कलेक्ट्रेट परिसर ज्ञापन साैंपने पहुंचे गौरीगंज विधायक । -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से निर्मित जिले की दो सड़कें जर्जर होने के बाद मार्ग की मरम्मत कराने के लिए स्थानीय विधायक लगातार तीन वर्ष से मांग कर रहे हैं। सदन में तीन माह तो केंद्रीय मंत्री की बैठक में 15 दिन में मार्ग मरम्मत का आश्वासन मिलने के बाद आज तक मार्ग की मरम्मत नहीं हो सकी। आश्वासन के बाद मार्ग की मरम्मत नहीं होने पर गांधी जयंती के अवसर से विधायक ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध शुरू कर दिया। कलेक्ट्रेट में समर्थकों संग पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में सरकार व अफसरों पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए 30 अक्तूबर तक मांगें पूरी नहीं होने पर विधायक पद से इस्तीफा देकर लखनऊ के जीपीओ पर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के पैकेज संख्या 68146 कादूनाला-थौरी संपर्क व पैकेेज संख्या 68161 मुसाफिरखाना-पारा संपर्क मार्ग का निर्माण हुआ है। निर्मित दोनों सड़कों के जर्जर होने पर आए दिन दुर्घटना होने के साथ कई अप्रिय घटना घटित होने के बाद गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए सक्रिय बने हुए है। 25 फरवरी 2021 को नियम 51 के तहत सदन में मांग उठाने पर तीन माह में दोनों सड़कों के पुनर्निर्माण का आश्वासन मिला तो सासंद/ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल दिशा बैठक में 15 दिन में मार्ग निर्माण का निर्देश अफसरों को दिया गया था।
आश्वासन के बावजूद आज तक मार्ग के पुर्ननिर्माण की बात को दूर मरम्मत कराने की भी जहमत जिम्मेदार नहीं उठा सके।
आक्रोशित विधायक ने शनिवार को गांधी जयंती के मौके पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध शुरू कर दिया है। समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधायक ने डीएम अरुण कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में दोनों सड़कों का पुनर्निर्माण कार्य 30 अक्तूबर तक शुरू नहीं होने पर 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभ भाई पटले की जयंती अवसर पर विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर लखनऊ के जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के सामने अनिश्चित कालीन अनशन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर डीडीसी धर्मेश धोबी व केडी सरोज के साथ उमेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद, अनुपम सिंह, अंजनी सिंह, संतोष सिंह व रामसुफल पासी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व समर्थक मौजूद रहे।
विधायक ने किया इस्तीफा देने का ऐलान
कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने के बाद विधायक राकेश प्रताप सिंह ने मीडिया कर्मियों से रूबरू हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए राम के नाम पर सिर्फ वोट लेने की बात कहते हुए कहा कि रामनगरी को अमेठी से जोड़ने वाले मार्ग की मरम्मत नहीं होना सरकार की मंशा को साफ कर रही है। विधायक ने कहा कि सदन व सड़क पर सरकार सिर्फ झूठ बोल रही है। विधायक ने पार्टी छोड़ने की बात पर चल रही चर्चा का खंडन करते हुए कहा कि वह सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही रहेंगे। विधायक ने कहा कि सदन व दिशा की बैठक में आश्वासन के बाद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं होना सरकार की कथनी व करनी में फरक को साबित कर रहा है। विधायक ने गांधी जयंती पर की गई मांगों को सरदार बल्लभ भाई पटले की जयंती तक पूरा नहीं होने पर विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा देने का एलान करते हुए कहा कि सरकार के झूठे वायदों को उजागार कर उनका असली चेहरा जनता के सामने लाएंगे।