जामो (अमेठी)। स्थानीय थाने के बरौलिया गांव में मंगलवार देर शाम भोजन तैयार करते समय गैस सिलिंडर के रिसाव से मकान में आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक बुजुर्ग व उसका पोता-पोती गंभीर रूप से झुलस गए। मकान में मौजूद गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।
जामो थाने के बरौलिया गांव निवासी रामभवन (50) अपने पोते मणिदेव (15) व पोती नंदिनी (10) के साथ मकान में रहते है। रामभवन स्वयं पोते व पोती के साथ भोजन तैयार करते हैं। मंगलवार शाम रामभवन पोते व पोती के साथ भोजन तैयार कर रहे थे कि अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस व दमकल को देते हुए आग पर काबू पाने को कोशिश शुरू कर दी। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक रामभवन, मणिदेव व नंदिनी गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए।
वहीं मकान में मौजूद गृहस्थी, अनाज व कपड़े समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग से तीन लोगों के झुलस कर घायल होने तथा गृहस्थी का सामान जलने की सूचना पर पहुंचे राजस्व लेखपाल महताब ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को दी है। एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट मिली है, घायलों के उपचार का प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ सरकार से अनुमन्य आर्थिक सहायता देने की पत्रावली तैयार की जा रही है। जल्द ही अनुमन्य सहायता पीड़ित को दी जाएगी।