फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन चेक पोस्ट पर तलाशी के बाद मिलेगा प्रवेश

विज्ञापन
गौरीगंज : मतगणना के लिए प्रस्तावित शहर का इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज। -संवाद - फोटो : AMETHI
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। शहर के दो पीजी कॉलेज में 10 मार्च को होने वाली मतगणना के दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस महकमे ने कड़ा बंदोबस्त किया है। सुरक्षा के दृष्टिगत मतगणना हाल तक तीन पुलिस चेक पोस्ट बनाए जाएंगे। तीनों पोस्ट पर सघन तलाशी के बाद ही प्रत्याशी व उनके एजेंट मतगणना हाल तक पहुंच सकेंगे। मतगणना परिसर में इलेक्ट्रॉनिक सामग्री समेत अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ कोई प्रवेश नहीं करे व गणना के दौरान विवाद की स्थिति नहीं बने इसके लिए तैयारियां की गई हैं।
विज्ञापन

शहर के इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज व मनीषी महिला पीजी कॉलेज में होने वाली मतगणना की समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना कराने के लिए निर्धारित कक्ष से परिसर के सौ मीटर बाहर तक तीन चेक पोस्ट बनाए जाएंगे। मतगणना कक्ष तक जाने वाले समस्त प्रत्याशी व उनके एजेंटों की इन पोस्टों पर सघन तलाशी ली जाएगी। भीतर जाने वाला कोई भी व्यक्ति सिर्फ पेन और डायरी ही अंदर ले जा सकेगा। विद्यालय गेट से सौ मीटर पहले रायबरेली, और जामो तिराहे पर बैरियर बनाया जाएगा। पहले बैरियर पर पुलिस अधिकारी के साथ पर्याप्त मात्रा में नागरिक पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए जाएंगे। यहां से उन्हीं को भीतर जाने दिया जाएगा जिनके पास निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी पास होगा।
विद्यालय गेट पर बने दूसरे चेक पोस्ट पर आर्म्स पुलिस व महिला पुलिस कर्मी तैनात होंगे। यहां भीतर जाने वालों की सघन तलाशी ली जाएगी। यहां से किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं ले जाने दिया जाएगा। मतगणना कक्ष के गेट पर तीसरा चेक पोस्ट होगा। तीसरे चेक पोस्ट पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती होगी। मतगणना शुरू होने के बाद रायबरेली, जामो और अमेठी मार्ग को दो सौ मीटर के दायरे को पूरी तरह से खाली करा दिया जाएगा। शहर में जगह-जगह भीड़ नहीं जमा हो इसके लिए कई पुलिस मोबाइल टीम मतगणना समाप्ति तक भ्रमणशील रहेंगी।
विज्ञापन

हर कक्ष में तैनात होंगे एक एसओ
एएसपी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि मतगणना कक्ष में किसी प्रकार का बवाल नहीं हो इसके लिए भी पुलिस महकमे ने बंदोबस्त किया है। सभी मतगणना हाल में एक-एक एसओ और 15-15 सिपाही तैनात किए जाएंगे। यह मतगणना समाप्ति तक हाल में मौजूद रहेंगे।
अर्द्धसैनिक बलों की सुरक्षा में निकलेगी ईवीएम
एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार स्ट्रांग रूम से मतगणना हाल तक गिनती के लिए लाई जाने वाली ईवीएम अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में लाई जाएंगी। बताया कि स्ट्रांग रूम से मतगणना हॉल तक बैरिकेडिंग कर एक अलग रास्ता बनाया जाएगा। स्ट्रांग रूम से हॉल तक ईवीएम मशीन अर्द्धसैनिक बल के जवानों की निगरानी में पहुंचाई जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें