अमेठी सिटी। होली त्योहार के दौरान लोगों की जरूरतें बढ़ गई हैं। लोग सस्ता सामान की लालच में कम गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ खरीद रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में थोक कारोबारी की दुकान पर संदिग्ध सूजी व तेल की सैंपलिंग की गई। मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने की संभावना के चलते सात क्विंटल सूजी व करीब 150 लीटर तेल सील कर दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिन्हा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमा शंकर पटेल और सिद्धार्थ कुमार ने अमेठी बाजार के एक थोक व्यवसायी के यहां छापा मारकर सूजी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। मौके से करीब 22 हजार रुपये मूल्य की सात क्विंटल सूजी जब्त की।
खाद्य विभाग का कहना है कि सूजी के बैग पर किसी भी कंपनी का विवरण या पैकिंग डेट आदि नहीं है। टीम ने निर्माण इकाई से खोवा का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। सहायक आयुक्त खाद्य राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह एवं रश्मि प्रभा मुसाफिरखाना बाजार में छापा मार कर खाद्य तेल का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। शेष लगभग 13400 रुपये मूल्य का 70 लीटर तिल का तेल सील कर दिया है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि तेल को उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा से लाकर सप्लाई किया जा रहा है। पूजा करने व खाने के लिए तिल का तेल लिखा गया है। प्रथम दृष्टया तेल खराब गुणवत्ता का प्रतीत होने के चलते कार्रवाई की गई। वहीं निर्माता को भी पार्टी बनाकर नोटिस भेजा जा रहा है। गौरीगंज बाजार में एक व्यवसायी के यहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लेकर शेष लगभग 8000 रुपये मूल्य का करीब 80 लीटर तेल सील कर दिया गया है।
मिल्क केक नहीं सूजी हलवा
मिठाई की दुकानों पर मिल्क केक से मिलता हुआ सूजी का हलवा बेचा जा रहा है। जिसके पैकेट पर भी सूजी का हलवा लिखा है। सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त राजेश द्विवेदी ने बताया कि 150 रुपये के दाम में मिल्क केक मिल ही नहीं सकता है, ऐसे में कोई भी सामान खरीदते समय उसके पैकेट पर लिखी सामग्री भी जरूर देख लें। खूब सावधानी से खाद्य पदार्थ खरीदें। किसी भी तरह की शिकायत होने पर जिला अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।