अमेठी सिटी। गांव में छोटे भाई आर्यवीर और दोस्तों के साथ प्रैक्टिस करने वाले प्रशांत वीर आज सफलता की सीढि़यां चढ़ रहे हैं। आईपीएल की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स टीम में शामिल हुए ऑलराउंडर प्रशांत वीर तिवारी के गूजीपुर स्थित घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
24 नवंबर 2005 को जन्मे प्रशांत ने गांव में अपने भाई व दोस्तों के साथ खेत खलिहान में क्रिकेट खेलने की शुरुआत की। उनके पहले गुरु डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में तैनात गालिब अंसारी रहे। कक्षा आठ के बाद वर्ष 2017 में मैनपुरी स्टेडियम छात्रावास में चयन हुआ। वहां से निकलकर प्रशांत क्रिकेट तैयारी के लिए सहारनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक एकेडमी जॉइन कर दो वर्षों तक नियमित तैयारी की। 2020 में कोरोना महामारी के दौरान प्रशांत को घर आना पड़ा।
पिता ने उनकी प्रैक्टिस के लिए घर के बगल ही पक्की पिच बनवा दी। साथ ही नेट भी लगा दी। गांव में करीब दो साल तक प्रशांत ने प्रैक्टिस की। क्रिकेट की तैयारी कर रहे छोटे भाई आर्यवीर तिवारी ने बताया कि दोनों भाइयों ने इसी पिच पर अभ्यास किया। प्रशांत के ममेरे भाई वैभवधर द्विवेदी ने कहा कि यही पिच उनके लिए किंग मेकर साबित हुई।
रामेंद्र ने बच्चों के लिए छोड़ी नौकरी
प्रशांतवीर के पिता रामेंद्र तिवारी पंजाब, दिल्ली व अन्य शहरों में प्राइवेट सेक्टर में अच्छे वेतन पर नौकरी करते थे। बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए उन्होंने वहां नौकरी छोड़कर गांव में खेती किसानी शुरू कर दी। वर्ष 2008 में उनका चयन शिक्षामित्र के पद पर हुआ। 2200 रुपये के मानदेय पर नौकरी कर बच्चों का अपने ही विद्यालय में नाम लिखवाया और पढ़ाई कराई। हालांकि, करीब छह माह पहले उन्होंने शिक्षामित्र की नौकरी भी छोड़ दी। अभी वह खेती कर रहे हैं।
कानपुर में हैं प्रशांत
गुजरात में होने वाली विजय हजारे ट्राफी के लिए कानपुर में शिविर लगा हुआ है। रामेंद्र ने बताया कि प्रशांत अभी वहीं शिविर में हैं। बताया कि 24 दिसंबर को मैच प्रस्तावित है। कहा कि परिवार के साथ आईपीएल मैच देखने अवश्य जाएंगे।
स्मृति ईरानी ने की प्रशांत के पिता से बात
प्रशांतवीर की कामयाबी पर घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। बुधवार सुबह उनके घर पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने पिता रामेंद्र संग अन्य परिजनों को बधाई दी। इसके साथ जिलाध्यक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से प्रशांत के पिता की फोन पर बातचीत कराई। पूर्व मंत्री ने कहा कि जैसे ही वह अमेठी आएंगी, घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात करेंगी।