अमेठी। चाचा–भतीजा हत्याकांड में बुधवार को भी साक्ष्य के लिए बुलाए गए कोतवाल अमर सिंह अदालत में उपस्थित नहीं हुए। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम संध्या चौधरी की अदालत में जिरह होनी थी, लेकिन गवाह की गैरहाजिरी के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अदालत ने कोतवाल अमर सिंह को 20 दिसंबर को साक्ष्य के लिए तलब किया है।
मुसाफिरखाना के भद्दौर गांव निवासी संग्रह अमीन सुरेश यादव और उनके भतीजे बृजेश यादव की 27 फरवरी 2023 को चुनावी रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी जलालुद्दीन सहित एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने शीघ्र विचारण के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में ट्रायल कोर्ट में लगातार सुनवाई की जा रही है।
अभियोजन साक्ष्य की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन साक्षी कोतवाल के बार-बार अनुपस्थित रहने से मुकदमे की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि अगली तिथि पर साक्ष्य की कार्रवाई पूरी कराई जाएगी, ताकि मामले का निस्तारण निर्धारित समय में किया जा सके।