06 : गौरीगंज : शहर स्थित थाने में थाना समाधान दिवस पर फरियादी की शिकायत सुनते डीएम।
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। शासन के निर्देश पर जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने गौरीगंज तो एसडीएम, सीओ व नामित अफसरों की मौजूदगी में अन्य थानों में फरियादियों की समस्याएं सुनीं गईं। निस्तारण के लिए जहां संयुक्त टीमें रवाना की गईं वहीं अफसरों ने मातहतों को गुणवत्ता पूर्ण शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया।
माह के तीसरे शनिवार को जिले के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। डीएम अरुण कुमार ने गौरीगंज थाने में आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर जन समस्याओं को सुना एवं उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश संबंधित अफसरों को दिया।
डीएम ने दिवस में मौजूद लेखपालों से उनके क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी लेखपालों तथा कानूनगो को उनके क्षेत्रों में भूमि विवाद, नाली, चकमार्ग पर अवैध कब्जा, सरकारी भूमि पर कब्जे, तालाबों पर कब्जे, अवैध अतिक्रमण आदि से संबंधित शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाने से फोर्स लेकर निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने शिकायत लंबित मिलने व अन्य लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। सभी एसडीएम व सीओ, तहसीलदार व थानाध्यक्ष के अलावा नायब तहसीलदार ने आवंटित थानों में पहुंचकर दिवस में मौजूद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनका निस्तारण कराया।