तिलोई (अमेठी)। सीआरपीएफ की 177 बटालियन में तैनात जवान की बीमारी के चलते शनिवार रात श्रीनगर में मौत हो गई। सैन्य अफसरों ने सिपाही के मौत की सूचना परिवार को दी तो कोहराम मच गया। परिवारीजनों के अनुसार रविवार देर शाम तक सैनिक का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की उम्मीद है। सोमवार को सैन्य सम्मान के साथ सैनिक की अंत्येष्टि होगी।
तिलोई तहसील के पूरे इच्छाराम पंडित मजरे कुटमरा गांव निवासी विजय नारायण मिश्र (47) सीआरपीएफ की 177 बटालियन श्रीनगर में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान तबीयत खराब होने पर सैन्य अफसरों ने उन्हें शनिवार को श्रीनगर स्थित सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान विजय नारायण की देर रात मौत हो गई।
विजय की मौत की सूचना सैन्य अफसरों ने परिवार को फोन पर दी। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों के अनुसार सैन्य अफसरों की ओर से दी गई सूचना के अनुसार रविवार देर शाम तक सैनिक का पार्थिव शरीर घर पहुंचने की संभावना है। बताया गया कि सोमवार को सैन्य सम्मान के साथ सिपाही का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सैनिक की मौत की सूचना पर सांत्वना देने वालों का उनके घर पर तांता लगा हुआ है।
परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सिपाही विजय नारायण की मौत के बाद पत्नी जयश्री व दो पुत्र विकास कुमार मिश्र (25) व आकाश कुमार मिश्र (21) का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मौत की सूचना से पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों के अनुसार विजय मिलसार थे। हर कोई उनके शव के आने का इंतजार कर रहा है।