अमेठी। कर्तव्य पालन में लापरवाही के साथ समाज के प्रतिष्ठित लोगों व थाने पहुंचे फरियादियों से बदसलूकी करने वाले थानाध्यक्षों की कुर्सी छिनेगी। यह बातें गुरुवार को कार्यालय सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी ने कही। विवेचना व अपराधियों पर कार्रवाई में लापरवाही मिलने पर कई प्रभारियों को फटकार लगाई।
एसपी कार्यालय सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी दिनेश सिंह ने सर्किलवार अपराध, अपराधियों पर कार्रवाई, विवचेना, शिकायत निस्तारण व भूमि विवाद पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की। समीक्ष के दौरान विवेचना लंबित होने, शिकायत के निस्तारण में कमी मिलने पर कई थाना प्रभारियों को जमकर फटकार भी लगाई। एसपी ने सभी प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का तत्काल निस्तारण, भूमि विवादों का निस्तारण, आपसी रंजिश व अपराध पर रोकथाम के साथ ही अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बदमाशों के खिलाफ पाबंदी के साथ गुंडा एक्ट, जिलाबदर एवं हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई करने को कहा। एसपी ने ड्यूटी के दौरान कोविड संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षित एवं सतर्क रहते हुए अपनी-अपनी ड्यूटियों का निर्वहन करने को कहा। गोष्ठी में एएसपी विनोद कुमार पांडेय, सीओ अमेठी अर्पित कपूर, सीओ गौरीगंज गुरुमीत सिंह समेत सभी सीओ, थाना प्रभारी व प्रतिसार निरीक्षक मौजूद रहे।