गौरीगंज (संवाद)। आवास निर्माण में प्रगति नहीं होने पर सीडीओ की सख्ती का असर नजर आया। इसे लेकर उन्होंने ब्लॉकों पर समीक्षा की तिथि निर्धारित की थी। इसके बाद पीडी ने ब्लॉकों में बीडीओ, एडीओ पंचायत, पंचायत सचिव तथा आवास सहायकों के साथ बैठक कर समीक्षा की थी। इस कवायद के बाद पांच दिन के भीतर ही जले में कुल 507 आवास पूरे हो गए तो 637 को अंतिम किस्त की राशि भेजी गई।
सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर इन दिनों आवास निर्माण प्रगति की विशेष निगरानी कर रही हैं। लगातार निर्देश के बावजूद प्रगति नहीं होने पर उन्होंने ब्लॉकवार तिथि निर्धारित कर पीडी आशुतोष दुबे को ब्लॉक मुख्यालय पर जाकर बीडीओ, एडीओ पंचायत, पंचायत सचिव तथा आवास सहायकों के साथ बैठक कर प्रगति लाने का निर्देश दिया था।
सीडीओ के निर्देश पर पीडी ने सात अक्तूबर को संग्रामपुर, अमेठी, भादर तथा भेटुआ, आठ को बहादुरपुर, सिंहपुर तथा तिलोई, नौ को जगदीशपुर, बाजार शुकुल तथा मुसाफिरखाना और दस को गौरीगंज, जामो तथा शाहगढ़ ब्लॉक मुख्यालय पर जाकर समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर निर्माण में प्रगति लाने का निर्देश दिया था।
पीडी ने बताया कि इन पांच दिनों में प्रधानमंत्री आवास योजना में वर्ष 2020-21 में सात लाभार्थियों को प्रथम, 24 को द्वितीय, 430 को तृतीय किस्त जारी की गई तथा 416 आवास पूर्ण कराए गए। इसी तरह वर्ष 2021-22 में चयनित लाभार्थियों में 170 को प्रथम, 717 को द्वितीय तथा 207 को तृतीय किस्त जारी करते हुए 99 आवास पूरा कराए गए।
कहा कि सभी को लगातार अभियान चलाकर चयनित लाभार्थियों की किस्त जारी करते हुए समय से निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया। सभी खंड विकास अधिकारियों को नियमित रूप से निगरानी करते हुए प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराने को कहा गया है। बावजूद इसके प्रगति नहीं होने तथा लापरवाही उजागर होने पर संबंधित बीडीओ की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई के लिए सीडीओ को रिपोर्ट भेजी जाएगी।